रविवार, 17 मार्च 2013

श्वान-वृत्ति को त्यागें


विवेकी आत्मा किसी भी जीव के साथ वैर नहीं बांधता। विश्व के प्राणीमात्र के प्रति मैत्रीभाव होना चाहिए। किन्तु, किसी के भी साथ में वैर नहीं होना चाहिए। इस संसार में वैर तो उन वस्तुओं के साथ धारण करना चाहिए, जो वस्तु सचमुच में दुश्मनरूप ही है। दुनिया के अज्ञानी जीव इसको समझते नहीं हैं। दुनिया के अज्ञानी जीव सच्चे दुश्मन के साथ लडते नहीं हैं और दुश्मन के उत्पन्न किए हुए दुश्मन के साथ लडने के लिए तैयार होते हैं, यह सिंहवृत्ति नहीं है, अपितु श्वानवृत्ति है। सिंह बाण की तरफ नहीं दौडकर बाण मारने वाले के ऊपर ही धावा बोलता है। जबकि कुत्ता लकडी मारने वाले के ऊपर नहीं दौडता है, अपितु लकडी की तरफ दौडता है। इसी रीति से अज्ञानी जीव भी दुःख के वास्तविक कारण का नाश करने के लिए प्रयत्नशील नहीं होते हैं, अपितु दुःख के वास्तविक कारण-योग से प्राप्त हुई सामग्री का सामना करने के लिए तत्पर बनते हैं। यह सिंहवृत्ति नहीं, अपितु श्वानवृत्ति है। विचार करो कि इस संसार में वास्तविक दुश्मनरूप कौनसी वस्तु है?’ कर्म ही न? कर्म ही बडे से बडा दुश्मन है, सम्पूर्ण विपत्तियां इसी के योग से प्राप्त होती हैं। आत्मा अनादिकाल से इस कर्मरूप दुश्मन के कारागार का कैदी बना हुआ है। जब तक इस कारागार को भेदकर वह बाहर नहीं निकलेगा, अर्थात् उससे सर्वथा मुक्त नहीं बनेगा, वहां तक सभी दुःखों का सम्पूर्ण अंत असम्भव है। इसलिए कर्मों की निर्जरा का प्रयत्न ही सच्चा सुख व शान्ति दे सकता है और उसी के लिए पुरुषार्थ होना चाहिए। -आचार्य श्री विजय रामचन्द्रसूरीश्वरजी महाराजा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें